Looking For Anything Specific?

 बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन आज अपना 46वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिषेक ने अपने पिता अमिताभ और मां जया के नक्शेकदम पर चलते हुए एक्टिंग में हाथ आजमाया, हालांकि उन्हें कभी भी एक कामयाब एक्टर का दर्जा हासिल नहीं हो सका। एक महानायक का बेटा होने के नाते उनसे लोगों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उनका स्ट्रगल एक आउटसाइडर की तरह रहा है। आज एक्टर के जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास और अनसुनी बातें-



अभिषेक बच्चन को जन्म के बाद बाबा बच्चन नाम दिया गया था। उनका बर्थ सर्टिफिकेट इसी नाम से है, हालांकि कम ही लोग उनका असली नाम जानते हैं।



अभिषेक बचपन में महज 9 साल की उम्र में डिस्लेक्सिया नाम की बीमारी से पीड़ित थे। बॉलीवुड फिल्म तारे जमीन पर इसी बीमारी पर बनी है। इस बीमारी से पीड़ित बच्चों को शब्द लिखने और समझने में परेशानी होती है।



अभिषेक ने बॉस्टन यूनिवर्सिटी से बिजनेस की पढ़ाई करने के लिए एडमिशन लिया था, लेकिन बॉलीवुड में करियर बनाने के लिए उन्होंने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी थी।



साल 1998 की फिल्म मेजर साहब में अभिषेक बच्चन प्रोडक्शन का काम देखते हैं। हालांकि एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उनसे सेट पर चाय बनवाई जाती थी और वो लाइटें उठाने का काम करते थे। इसी फिल्म के दौरान उन्होंने एक्टर बनने का निर्णय लिया था।



अभिषेक बच्चन ने साल 2000 में रिलीज हुई जेपी दत्ता की फिल्म रिफ्यूजी से करीना कपूर के साथ डेब्यू किया था। ये फिल्म कहने को तो फ्लॉप थी, हालांकि ये उस साल की पांचवी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी।



अभिषेक बच्चन करण जौहर की फिल्म कभी खुशी कभी गम में कैमियो रोल करते नजर आने वाले थे, हालांकि किन्हीं कारणों से उनके सभी सीन को फाइनल एडिटिंग में हटा दिया गया था।



साल 2000-2004 तक चार सालों में अभिषेक ने 17 फ्लॉप फिल्में की थीं। इसका कारण ये था कि अभिषेक बिना स्क्रिप्ट पर ध्यान दिए सीधे फिल्म साइन कर लेते थे।



फिल्मी करियर फ्लॉप होने के बाद अभिषेक ने एलआईसी एजेंट बनने का फैसला किया, हालांकि कुछ ही समय में उन्होंने ये काम छोड़ दिया।



साल 2004 में एक्टर ने धूम फिल्म में काम किया जो एक ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई। इसके बाद एक्टर ने बंटी और बबली, युवा, ब्लफमास्टर, गुरू जैसी हिट फिल्में दी थीं।



अभिषेक के नाम कई रिकॉर्ड


दिल्ली 6 फिल्म के प्रमोशन के लिए अभिषेक बच्चन ने महज 12 घंटों में 1800 किलोमीटर सफर किया था। एक्टर ने मुंबई, गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद, चंडीगढ़ जैसे कई शहरों में एक ही दिन प्रमोशनल इवेंट अटेंड कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया था। इस मामले में अभिषेक ने विल स्मिथ को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 2 घंटे में तीन इवेंट अटेंड किए थे।



फिल्म पा के लिए भी अभिषेक के नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड है। ये पहले एक्टर थे जिन्होंने फिल्म में अपने पिता के पिता का रोल प्ले किया है। इस फिल्म में अमिताभ, अभिषेक के बेटे बने थे।



2002 में अमिताभ बच्चन ने अपने 60वें जन्मदिन पर अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर की सगाई की अनाउंसमेंट की थी। एक इवेंट में जया ने करिश्मा को अपनी बहु कहकर भी बुलाया था, हालांकि साल 2003 में ये सगाई टूट गई। जया चाहती थीं कि उनकी बहु शादी के बाद फिल्मों में काम न करें लेकिन ये शर्त करिश्मा और उनकी मां को मंजूर नहीं थी।



करिश्मा के बाद अभिषेक का नाम ऐश्वर्या राय से जुड़ा। दोनों ने ढाई अक्षर प्रेम के, कुछ न करो, गुरू, धूम 2, रावण, बंटी और बबली जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। 14 जनवरी 2007 में सगाई करने के बाद कपल ने 20 अप्रैल 2007 में मुंबई में शादी की थी। ये इंडस्ट्री की सबसे महंगी शादियों में से एक है। इस शादी से कपल को एक बेटी आराध्या है।



अभिषेक ऐश्वर्या को अपनी बेटी का नाम रखने में पूरे 5 महीने लगे थे। बेटी के कान छिदवाते हुए अभिषेक ने खुद भी पियरसिंग करवाई है, जिससे वो बेटी की तरह दर्द महसूस कर सकें।



ओटीटी ने संभाला करियर


अभिषेक बच्चन ने साल 2020 में ओटीटी प्लेटफॉर्म की तरफ रुख किया था। उनकी पहली फिल्म लूडो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इसके बाद एक्टर 2021 की सोलो लीड फिल्म द बिग बुल में हर्षद मेहता का रोल प्ले करते दिखे थे। डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई इस फिल्म में अभिनय के लिए एक्टर को खूब तारीफें मिलीं। इसके बाद अभिषेक नवंबर 2021 में जी 5 पर रिलीज हुई बॉब बिस्वास में नजर आए हैं।



जल्द ही अभिषेक यामी गौतम के साथ दसवीं और एसएसएस-7 में नजर आने वाले हैं।


203 करोड़ रुपए के मालिक हैं अभिषेक बच्चन


एक्टर की नेटवर्थ 28 मिलियन डॉलर यानी 203 करोड़ रुपए है। फिल्मों के अलावा अभिषेक ब्रांड एंडोर्समेंट से मोटी कमाई करते हैं। इसके अलावा एक्टर प्रो कबड्डी लीग की टीम जयपुर पिंक पैंथर और इंडियन सुपर लीग की फुटबॉल टीम चैन्नइयन एफसी के भी मालिक हैं।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ